बलौदाबाजार: घर की साफ सफाई के दौरान लोहे के ग्रिल में दौड़ी करंट, चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत, पत्नी गंभीर
बलौदाबाजार, 6 नवंबर 2026। धनतेरस के दिन बलौदाबाजार में एक दुःखद घटना घट गई। घर की बाल्कनी की सफाई के दौरान बिजली की करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। वहीं पति- पुत्र को बचाने दौड़ी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। मिली जानकारी के अनुसार छत की बाल्कनी की सफाई के समय यह दर्दनाक हादसा घटित हुआ।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह 7 बजे बाल्कनी में रखे लोहे की ग्रिल में करंट फैलने से व्यवसायी राकेश गुप्ता(45) उसमें चिपक गए। उनको बचाने दौड़े बेटा ओम गुप्ता (24) भी चिपक गए। यह देखकर व्यवसायी की पत्नी वर्षा गुप्ता पिता-पुत्र को बचाने पहुंची। करंट की झटके से वह दूर छिटक गई और गंभीर रूप घायल हो गई।
घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। लोग दौड़े और किसी तरह तीनों को अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पिता- पुत्र को मृत घोषित कर दिया। झुलसी पत्नी को गंभीर हालत में ईलाज जारी कर उच्च सेंटर रायपुर भेजा गया है। धन तेरस त्यौहार के दिन एक ही परिवार के दो सदस्यों की मृत्यु से पूरा बलौदाबाजार शहर गमगीन हो गया है।