सड़क पर धरना देने पर भीम आर्मी के अध्यक्ष समेत 11 पर FIR
रायपुर, 6 नवंबर 2026। पुलिस भर्ती से वंचित बेरोजगार युवाओं के समर्थन में भीम आर्मी ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री निवास कूच करने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें ओसीएम चौक के पास पुलिस ने उन्हें रोक लिया और आगे बढ़ने नहीं दिया। इस पर नाराज होकर भीम आर्मी के करीब 200 से अधिक युवा सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। मुख्य सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने और आवागमन को बाधित करने पर कोतवाली पुलिस ने भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद समेत 11 लोगों पर एफआईआर दर्ज किया है।
इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई स्कूल बस और एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई। गुरुवार शाम को भाजपा के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा के कारण भी महिला थाना से लेकर घड़ी चौक तक यातायात बाधित हुआ। उसके कारण भी जाम लग गया और लोग फंसे रहे। कई लोग रूट बदलकर गए।
बहरहाल पुलिस अभ्यार्थियों के समर्थन में भीम आर्मी के प्रदर्शन में बेरोजगार युवाओं की हक की बात की गई। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी भी की। वहीं पुलिस का कहना है कि समझाइश बाद भी भीम आर्मी ने सड़क खाली नहीं की इसलिए उनके खिलाफ सार्वजनिक मार्ग बाधित करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष समेत 11 आरोपी
पुलिस ने भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद, जिला अध्यक्ष देवेंद्र मैरिसा, युवराज ढीढी समेत 11 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है। वहीं भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद ने कहा कि अब प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ पुलिस एफआईआर कर रही है। विरोध प्रदर्शन करना हमारा संवैधानिक अधिकार है।