पांडेय बंधु आज ग्रहण करेंगे पदभार, अपेक्स बैंक और मार्कफेड में दी गई है अहम जिम्मेदारी
रायपुर, 6 नवंबर 2026। अपेक्स बैंक के नवनियुक्त उपाध्यक्ष शिवनारायण पांडेय और मार्कफेड के सुधीर पांडेय आज दोपहर को पदभार ग्रहण करेंगे। 2 नवंबर को रजिस्ट्रार, कोऑपरेटिव सोसाइटीज ने छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक में केदारनाथ गुप्ता को अध्यक्ष और वरिष्ठ सहकारिता नेता शिवनारायण पांडेय को उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। केदारनाथ गुप्ता पहले अपेक्स बैंक में अकेले अशासकीय सदस्य थे। शिवनारायण पांडेय को मिलाकर अब दो अशासकीय सदस्य हो जाएंगे। केदारनाथ गुप्ता पहले प्राधिकृत अधिकारी थे। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ में भी एक नए अशासकीय सदस्य की नियुक्ति की गई है। शशिकांत द्विवेदी पहले से ही मार्कफेड में अशासकीय सदस्य नियुक्त थे। रजिस्ट्रार ने अपनी शक्तियों का प्रयोग करने के लिए उन्हें पहले प्राधिकारी नियुक्त किया था।
2 नवंबर को मार्कफेड में पुनः शशिकांत द्विवेदी को अध्यक्ष नियुक्त किया है और सुधीर पांडेय को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर 12:00 बजे शशिकांत द्विवेदी अध्यक्ष और सुधीर पांडेय उपाध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे। उससे पहले अपेक्स बैंक में शिवनारायण पांडेय कार्यभार ग्रहण करेंगे। बताया जा रहा है कि बिना कोई तामझाम के सादे समारोह में नवनियुक्त पदाधिकारी दोनों संस्थानों में पदभार ग्रहण करेंगे। इस दौरान कुछ खास इष्ट मित्र और शुभचिंतक ही मौजूद रहेंगे। शिवनारायण पांडेय ने जिला सहकारी बैंकों के अध्यक्ष और उपाध्यक्षों को भी आमंत्रित किया है।
बता दें शशिकांत द्विवेदी और केदारनाथ गुप्ता पहले से संस्थाओं के प्राधिकारी थे। आज वे भी तकनीकी रूप से अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे।