• कवर्धा में 5 बैगा आदिवासी बच्चों की मौत

    वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार कैंप लगाने का दावा किया जा रहा है। बच्चों की मौत का कारण अज्ञात, 15 कुपोषित बच्चों को एहतियातन NRC में भर्ती कराया गया।
    कवर्धा, 16 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की सीमा से लगे कबीरधाम जिले के बोड़ला ब्लॉक स्थित नंदनी कुमान गांव में बैगा आदिवासी बच्चों की मौत का मामला सामने आया है। गांव में पिछले कुछ महीनों के दौरान पांच बच्चों की अलग-अलग समय पर अज्ञात कारणों से मौत हो चुकी है। वहीं, 15 कुपोषित बच्चों को एहतियातन कुपोषण पुनर्वास केंद्र यानी NRC में लाया गया है। सबसे बड़ा सवाल स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर है। अधिकारियों की ओर से गांव में लगातार स्वास्थ्य शिविर लगाने की बात कही जा रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि गांव में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर स्थिति चिंताजनक थी, तो समय रहते प्रभावी निगरानी और जरूरी कार्रवाई क्यों नहीं की गई?

    फिलहाल बच्चों की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। ग्रामीण किसी अज्ञात बीमारी की आशंका जता रहे हैं। बोड़ला स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव से 15 कुपोषित बच्चो को उपस्वास्थ्य केंद्र बोड़ला में लाकर जांच परिक्षण कर उचित पोषण आहार की खुराक प्रदान कर रही है।